रांची। एक्सट्रीम बार डीजे हत्यकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रांची पुलिस ने संदीप प्रमाणिक की हत्या में इस्तेमाल किये गये हथियार को बरामद कर लिया है। साथ ही हथियार छिपाने ने सहयोग करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में पंकज कुमार उर्फ सोनू सिंह, सुमित सिंह उर्फ रोबिंस कुमार और आलोक कुमार शामिल है। यह जानकारी एसएसपी चंदन सिन्हा ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में दी। हथियार की बरामदगी रांची के तुपुदाना इलाके से की गयी है।
बता दें कि 26 मई की देर रात बार में विवाद के बाद बाउंसर और कुछ लोगों के बीच मारपीट हुई थी। इस दौरान बार के बाउंसर ने उन लोगों को जमकर पीटा था। इसके बाद देर रात बार के डीजे संदीप उर्फ सैंडी बार के बाहर स्थित लिफ्ट के सामने खड़ा था। इस बीच लिफ्ट से एक हथियार बंद व्यक्ति दूसरे तल पर स्थित बार में आया और लिफ्ट के सामने खड़े डीजे सैंडी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गयी थी। हथियार बरामद करने के लिए सिटी एसपी के नेतृत्व में छापेमारी की गयी। छापेमारी टीम में सिटी एसपी के अलावा सिटी डीएसपी सहित कई थाना प्रभारी भी शामिल थे। हथियार को गैरेज में छिपाकर रखा गया था। घटना के दूसरे दिन ही पुलिस ने आरोपी
अभिषेक सिंह को गिरफ्तार किया था। राहुल को पुलिस ने अभिषेक को भागने में सहयोग करने में पकड़ा था, लेकिन जांच में पता चला कि राहुल चोरी का वाहन को बिहार में खपाता था। इसके बाद पुलिस ने उसे वाहन चोरी मामले में जेल भेज दिया। वहीं अभिषेक सिंह और उसके साथी से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने एक्सट्रीम बार संचालक विशाल सिंह, उसके पार्टनर, बाउंसर और कर्मी समेत नौ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। डीजे संदीप हत्याकांड के मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह को चुटिया थाना पुलिस ने चार दिन के लिए रिमांड पर लिया है। पुलिस अभिषेक सिंह के भाई रौशन सिंह की तलाश कर रही है।