कई जिलों में नए एसडीओ की नियुक्ति, बीडीओ और अंचल अधिकारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गयी
रांची। झारखंड सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राज्य प्रशासनिक सेवा के 88 अधिकारियों का तबादला किया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने बुधवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी।
जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में बड़े पैमाने पर अधिकारियों के पदस्थापन में बदलाव किया गया है। कई अधिकारियों को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के रूप में नयी जिम्मेदारी सौंपी गयी है, जबकि कुछ अधिकारियों को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के साथ-साथ अंचल अधिकारी (सीओ) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
सरकार ने प्रशासनिक जरूरतों और कार्यों की सुचारु निगरानी को ध्यान में रखते हुए कई अधिकारियों को शहरी स्थानीय निकायों में भी पदस्थापित किया है। नगर निकायों में उन्हें कार्यपालक पदाधिकारी, प्रशासक एवं अन्य प्रशासनिक दायित्व सौंपे गए हैं। इससे शहरी विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और नागरिक सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन की उम्मीद जताई जा रही है।
तबादला सूची में शामिल अधिकारियों को शीघ्र अपने नये पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। विभागीय स्तर पर इसके लिए आवश्यक कार्रवाई भी शुरू कर दी गयी है।

