खूंटी। उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने रविवार को सदर अस्पताल, खूंटी से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की तथा जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं।
उपायुक्त ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियोरोधी खुराक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान के दौरान पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून को जिले के सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाई जा रही है, वहीं 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीम, सहिया एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इस अवसर पर राज्य पर्यवेक्षक डॉ अरविंद कुमार, सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक सहित अन्य पदाधिकारी, चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

