पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत कमर गांव में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों से भरा एक सवारी वाहन सेरेंगगदा बाजार से खरीदारी कर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक जेसीबी मशीन ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि सवारी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें बैठे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को सोनुवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
अस्पताल ले जाने के दौरान लगभग 60 वर्षीय एतवा मोतिया ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में घायल आर्यन माझी, डेबो मछुवाइन और बासु नाग का इलाज चाईबासा सदर अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार आर्यन माझी का पैर फ्रैक्चर हो गया है, जबकि डेबो मछुवाइन के दोनों पैर टूट गए हैं। बासु नाग के सिर में गंभीर चोट आई है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य सुनीता लुगुन और समाजसेवी रमेश लुगुन देर रात अस्पताल पहुंचे तथा घायलों के इलाज में सहयोग किया। सुनीता लुगुन ने प्रशासन से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

