नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार के दौरान निचले स्तर से रिकवरी करता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। बाजार खुलने के बाद खरीदारी शुरू हो जाने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। लगातार लिवाली होने के बावजूद पहले एक घंटे का कारोबार होने तक दोनों सूचकांक लगातार लाल निशान में ही बने हुए थे। शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.29 प्रतिशत और निफ्टी 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से आईसीआईसीआई बैंक, ओएनजीसी, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर 1.36 प्रतिशत से लेकर 0.60 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, एचसीएल टेक्नोलॉजी, इंफोसिस, ट्रेंट लिमिटेड, टीसीएस और एटरनल के शेयर 3.28 प्रतिशत से लेकर 1.52 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,709 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 954 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,755 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 7 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 23 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 14 शेयर हरे निशान में और 36 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 367.19 अंक की कमजोरी के साथ 73,615.99 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक गिर कर 73,518.75 अंक के स्तर तक चला गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स की चाल में सुधार होने लगा। लगातार हो रही लिवाली के सपोर्ट से सुबह 10 बजे के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक उछल कर 73,856.16 अंक तक आ गया। हालांकि इसके बाद एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 218.05 अंक लुढ़क कर 73,765.13 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 110.55 अंक टूट कर 23,104.40 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बनने की वजह से शुरुआती मिनट में ही यह सूचकांक गिर कर 23,072.05 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे निफ्टी की चाल में सुधार होने लगा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से सुबह 10 बजे के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक उछल कर 23,172.85 अंक के स्तर तक आ गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 59.90 अंक की गिरावट के साथ 23,155.05 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 64.42 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की मजबूती के साथ 73,615.99 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 27.15 अंक यानी 0.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,214.95 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।

