पलामू। पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र स्थित सोहया पहाड़ के दमदमी गांव के पास बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। माइंस के गहरे जलभराव वाले गड्ढे में एक युवक के डूब जाने की आशंका के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। युवक की पहचान पतरा खुर्द गांव निवासी सत्येन्द्र प्रसाद के 24 वर्षीय पुत्र लवकुश कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार लवकुश कुमार बुधवार को खदान क्षेत्र के पास पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वह गहरे पानी में उतरे थे, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उनके डूबने की आशंका जताते हुए प्रशासन को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खोज अभियान शुरू कराया। गहरे पानी और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं। युवक की तलाश के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।
घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि खनन कार्य के बाद बने गहरे गड्ढों को सुरक्षित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शिकायतें की गई थीं, लेकिन जिम्मेदार एजेंसियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
फिलहाल पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से युवक की तलाश जारी है। प्रशासन ने कहा है कि युवक को खोजने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

