रांची: झारखंड में पांच दिनों से लगातार बारिश से बेपटरी हुआ जनजीवन अब सामान्य होने लगा है। गुरुवार सुबह से ही सड़कों पर लोगों की चहल-कदमी से धीरे-धीरे जिंदगी रफ्तार पकड़ती नजर आयी। रोजमर्रा की तरह सभी अपने-अपने कामों पर लौटने लगे हैं। झारखंड में बारिश थमने के बाद नदियों के उफान पर भी ब्रेक लगने लगा है। भारी बारिश से घरों में कैद लोग हल्की खिली धूप में बाहर निकलने लगे हैं। गढ़वा, पाकुड़, जमशेदपुर में धूप खिली। कमोबेश हर जिले की यही स्थिति है। बताते चलें कि झारखंड के लोहरदगा, जमशेदपुर, बोकारो, गढ़वा, चतरा, रामगढ़ और गुमला जिले में बारिश ने सबसे ज्यादा तांडव मचाया था। इसकी वजह से 17 लोगों की जान चली गयी।
असमय काल के गाल में समा गये, तो कइयों के सिर से छत छिन गयी। झारखंड में 59 वर्षों के बाद बारिश का ऐसा विकराल रूप दिखा।

आज और कमजोर होगा मानसून
राजधानी रांची समेत झारखंड में गत छह दिनों से बारिश की मार झेल रहे लोगों के लिए थोड़ी राहत की खबर है। मौसम वैज्ञानिक आरएस शर्मा के मुताबिक छत्तीसगढ़ सीमा से जुड़े राज्य के हिस्सों में गुरुवार को बारिश हुई। वहीं रांची समेत अन्य जगहों पर बारिश का असर कमजोर हुआ है, जो शुक्रवार तक और कमजोर होगा। मौसम केंद्र रांची के अनुसार पिछले कुछ दिनों से झारखंड में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ था, जो अब उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। साथ ही वह कमजोर भी होता नजर आ रहा है, जिसकी वजह से गुरुवार को रांची सहित अन्य नगरों में छिटपुट बारिश हुई। शुक्रवार को बादल छाये रहेंगे और मध्यम दर्जे की बारिश होगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version