• हत्या या हादसा हो रही है जांच

धनबाद। मधुबन थाना क्षेत्र के सिनीडीह कांटाघर के समीप से शनिवार से लापता दो छात्रों अमन कुमार और देवकुमार बाउरी के शव सोमवार की सुबह पुलिस ने बरामद कर लिया है। शव वहीं के बंद पड़े आउटसोर्सिग के पोखरिया में पड़े थे। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी। हत्या या हादसा, को लेकर जांच की सुई फंसी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों बच्चों की मौत संभवत: नहाने के क्रम में पोखरिया में डूबने से हुई है। वहीं परिजन इसे हत्या बता रहे हैं। उनका कहना है कि बच्चों के शरीर पर कपड़े, चप्पल सब हैं। इससे यही पता चलता है कि बच्चों की हत्या कर शवों को पोखरिया में फेंक दिया गया। मधुबन पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। फिलवक्त पुलिस कुछ भी कहने से परहेज कर रही है।

यह है मामला

शनिवार को दोपहर करीब दो बजे सिनीडीह कांटाघर के समीप रहनेवाले रामबदन सिंह का 15 वर्षीय पुत्र अमन कुमार अपने घर से साइकिल लेकर निकला था। पड़ोसी अजय बाउरी का इकलौता सात वर्षीय पुत्र देवकुमार बाउरी के साथ वह बाहर निकल गया। उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। चार बजे तक बच्चों के घर नहीं पहुंचने पर परिजन परेशान हो गये। संभावित सभी जगहों पर पूछताछ की गयी, लेकिन बच्चों का कोई अता-पता नहीं चल पाया। परिजनों ने बच्चों की गुमशुदगी की लिखित सूचना स्थानीय पुलिस को दी थी। अमन कुमार स्थानीय सविमं सिनीडीह के दशम वर्ग का छात्र था, जबकि देवकुमार बाउरी पास के ही एक निजी विद्यालय में दूसरी कक्षा में पढ़ता था।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version