नई दिल्ली : चंद्रयान-2 मिशन की लॉन्चिंग को भले ही इसरो के वैज्ञानिकों ने दिन-रात एक कर सफल किया हो, लेकिन इस पर राजनीतिक दलों में श्रेय लेने की होड़ शुरू हो गई है। कांग्रेस ने इस मिशन के सफल प्रक्षेपण की बधाई देते हुए देश के पहले पीएम जवाहर लाल नेहरू और मनमोहन सिंह को याद करने की बात कही तो बीजेपी ने उस पर तीखा पलटवार किया। कांग्रेस ने कहा कि यह मौका है जब इसरो की स्थापना के लिए पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को याद किया जाना चाहिए।
इस पर बीजेपी ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि देश को गौरवान्वित करने वाली उपलब्धि पर राजनीति करना दुखद है। कांग्रेस ने इसरो की बुनियाद रखने के लिए जवाहर लाल नेहरू और चंद्रयान-2 मिशन को स्वीकृति देने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को याद किया। बीजेपी ने इस पर जवाब देते हुए कहा कि सभी भारतीय नागरिकों को गौरवान्वित करने वाली इस उपलब्धि पर राजनीति करना दुखद है।