रांची। झारखंड में लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। इसी बीच रिम्स में इलाजरत राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर भी कोरोना संक्रमण का खतरा मंडराने लगा है। उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। वह सुखदेवनगर थाना का पुलिसकर्मी है।
लालू की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी हाल ही में छुट्टी से लौटा है। जांच में वह पॉजिटिव पाया गया है। इसके साथ ही रांची के हिंदपीढ़ी थाना से भी तीन और पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। बताते चलें कि बीते दिनों रांची के पांच थानों से छह पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाये गये थे। सोमवार की छह कोरोना पॉजिटिव मिले। इनमें चार पुलिसकर्मियों के अलावा एक हिलव्यू नर्सिंग होम में भर्ती मरीज है, जबकि दूसरा हटिया क्षेत्र का है। जिन थानों से कोरोना संक्रमित मिले हैं, वहां कामकाज बंद कर दिया गया है। इसके अलावा होम क्वारेंटाइन में रह रही एक युवती की मौत हो गयी है। वह जहानाबाद से आयी थी।
उधर, कोडरमा जेल में एक कैदी के संक्रमित पाये जाने के बाद हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार आरोपी को जयनगर थाना लाया गया था। फिर उसे जेल भेजा गया था। जिन पुलिस अधिकारियों ने उससे पूछताछ की, सभी को क्वारेंटाइन किया जायेगा। इसमें डीएसपी और थानेदार शामिल हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version