रांची। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव समेत पार्टी के तमाम नेताओं ने वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा जारी वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर प्रधानमंत्री तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश की। डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि देश की सामरिक सुरक्षा और भारत-चीन सीमा पर उत्पन्न परिस्थिति एवं हालात को लेकर केंद्र सरकार को पारदर्शी तरीके से अपनी बात देश की जनता के समक्ष रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी इस बात से इनकार कर रहे हैं कि भारतीय सीमा में चीनी सैनिकों की कोई घुसपैठ हुई है, जबकि विभिन्न संचार माध्यमों से यह जानकारी मिल रही है कि गलवान, डेमचोक और पैंगोंगा झील में चीनी घुसपैठ अब भी बरकरार है। चीन देश के राजमार्ग से परेशान है और सामरिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण इस राजमार्ग को बर्बाद करना चाहता है, इसलिए भारत को विशेष सतर्कता बरतनी जरूरी है।
डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि भाजपा नेताओं को चाहिए कि वे देश की जनता से झूठ बोलना छोड़ कर कड़े कदम उठायें। देश की सुरक्षा और राष्ट्रीय एकता के मुद्दे पर सभी एकजुट हैं और प्रधानमंत्री के साथ खड़े हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डा राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि भारत चीन सीमा पर विवाद कोई साधारण बात नहीं है। प्रधानमंत्री दबाव में आने की बजाय देश की जनता को विश्वास में लें, क्योंकि यह सभी को पता है कि चीन कोई भी कदम बगैी रणनीतिक सोच के नहीं उठाता है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version