प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को फिल्म अभिनेता दिलीप कुमार के निधन पर शोक जताया और कहा कि उनका जाना हमारे सांस्कृतिक जगत के लिए नुकसान है। मोदी ने ट्वीट किया, दिलीप कुमार जी को सिनेमा जगत के दिग्गज के रूप में याद किया जाएगा। वह एक अद्वितीय प्रतिभा के धनी थे और इस वजह से सभी पीढ़ियों के दर्शकों के चहेते थे। उनका निधन हमारी सांस्कृतिक दुनिया के लिए नुकसान है। उनके परिवार, मित्रों और असंख्य चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं।
वहीं राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर लिखा, दिलीप कुमार ने अपने आप में उभरते भारत के इतिहास को संक्षेप में प्रस्तुत किया। थेस्पियन का आकर्षण सभी सीमाओं को पार कर गया, और उसे पूरे उपमहाद्वीप में प्यार किया गया। उनके निधन से एक युग का अंत होता है। दिलीप साहब भारत के दिल में हमेशा जिंदा रहेंगे। परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति संवेदना।
राहुल गांधी ने किया याद
इसके अलावा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मशहूर फिल्म अभिनेता दिलीप कुमार के निधन पर बुधवार को दुख जताया और कहा कि भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी। गांधी ने ट्वीट किया, दिलीप कुमार जी के परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। भारतीय सिनेमा में उनके अद्भुत योगदान को आने वाली पीढ़ियां याद करेंगी।