अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। गुप्तार घाट पर सरयू नदी में नहाने के दौरान आगरा से आए एक ही परिवार के 15 लोग डूब गए। इसमें अब तक 5 के शव मिल गए हैं, जबकि 4 की तलाश की जा रही है। वहीं, 3 लोग किसी तरह तैरकर बच गए और तीन लोगों को गोताखोरों ने बचा लिया है।
बताया जाता है कि स्नान के दौरान तेज धारा के कारण पहले 2 लोग बहे। इसके बाद एक दूसरे को बचाने के चक्कर में 13 लोग सरयू की तेज धारा में बह गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस और गोताखोरों की टीम पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। इसमें तीन लोग तो तैरकर बाहर आ गए। करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद 3 लोगों को पानी से निकाला गया। उनकी हालत गंभीर है। अन्य 4 की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि स्नान करने वालों में महिलाएं एवं बच्चे भी शामिल हैं।