आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम के आवास पर शनिवार को 20 सूत्री कमेटी को लेकर बैठक बुलायी गयी। बैठक में कृषि मंत्री बादल, बन्ना गुप्ता, मंत्री रामेश्वर उरांव, आलमगीर आलम और कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर शामिल थे। बैठक के बाद झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि 20 सूत्री कमेटी का गठन 72 घंटे के भीतर कर दिया जायेगा। इस कमेटी में किन-किन लोगों को जगह दी जाये, इस पर चर्चा हुई। श्री ठाकुर ने बताया कि झामुमो बड़ा दल है। उनकी हिस्सेदारी अधिक होगी। राजद भी गठबंधन का हिस्सा है। 72 घंटे के अंदर में फार्मूला बन कर तैयार हो जायेगा। यह गठबंधन का स्वाभाविक फार्मूला है, लेकिन अंतिम फैसला तीन दलों के बैठने के बाद ही लिया जायेगा। राजेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह ने जल्द समितियों के गठन का निर्देश दिया है। मौके पर केशव महतो कमलेश, शमशेर आलम, अमूल्य नीरज खलखो मौजूद थे।