रांची। झारखंड के देवघर से दिल्ली और दिल्ली से देवघर के लिए सीधी हवाई सेवा शनिवार से शुरू हो गई। इंडिगो की 180 सीटर फ्लाइट 6ई 6191 दिल्ली से उड़ान भरकर शाम को देवघर पहुंची। बिहार के सारण लोकसभा क्षेत्र से सांसद राजीव प्रताप रूडी और कैप्टन आशुतोष शेखर विमान के पायलट थे। वहीं, 4:22 बजे देवघर से दिल्ली के लिए इंडिगो के विमान ने पहली उड़ान भरी ।

जानकारी के मुताबिक दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट दोपहर उड़ान भरकर देवघर एयरपोर्ट पहुंची। शनिवार को देवघर पहुंचने वाले सांसदों और सभी अतिथियों का एयरपोर्ट पर गाजे-बाजे के साथ शानदार स्वागत हुआ। इसमें कई सामाजिक संगठन और कार्यकर्ता शामिल रहे। घोड़े और तीन सौ अधिक वाहनों से सांसदों और सभी कलाकारों का अभिनंदन एक रोड शो की तरह हुआ। 180 यात्रियों को लेकर इंडिगो के विमान ने दिल्ली एयरपोर्ट से दोपहर एक बजे के बाद उड़ान भरी थी। सभी सांसद और अभिनेता-अभिनेत्री रविवार को वापस दिल्ली लौट जाएंगे। बाबा की नगरी में 24 घंटे का प्रवास होगा।

फ्लाइट का पहला टिकट भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कराया

दिल्ली से देवघर की पहली फ्लाइट का पहला टिकट भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कराया था। उनके साथ सांसद व भोजपुरी फिल्म स्टार मनोज तिवारी, गोरखपुर सांसद रवि किशन, आजमगढ़ सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ, सांसद अनुराग शर्मा, सांसद प्रवेश वर्मा, सांसद सुनील सिंह, सांसद कमलेश पासवान , सुब्रत पाठक, सांसद रवींद्र कुशवाहा, पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन व फिल्म अभिनेता शेखर सुमन और अभिनेत्री आम्रपाली दुबे भी देवघर पहुंचे।

उल्लेखनीय है कि 12 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। इसके साथ ही देवघर और कोलकाता के बीच उड़ान भी शुरू हो चुकी थी। अब करीब 17 दिन बाद 30 जुलाई से नई दिल्ली के लिए भी हवाई सेवा शुरू होने से चारों ओर खुशी है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version