-देश और राज्य की खुशहाली तथा सुख-समृद्धि की कामना की

रांची। राज्यपाल रमेश बैस एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शुक्रवार रांची धुर्वा स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा, भाई बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना की। राज्यपाल ने महाप्रभु जगन्नाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना कर देश एवं राज्य की खुशहाली, सुख-समृद्धि, शांति और प्रगति की कामना की।

राज्यपाल ने कहा कि विधिवत मंत्रोच्चार के साथ आज प्रभु जगन्नाथ, भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा के चरणों में पूजा-अर्चना करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। भगवान जगन्नाथ सभी पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें। उन्होंने राज्यवासियों को रथ यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने महाप्रभु जगन्नाथ से राज्यवासियों की सुख, समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना करते हुए सभी को रथ यात्रा पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने महाप्रभु जगन्नाथ से प्रार्थना किया कि प्रभु का आशीर्वाद सभी पर बना रहे तथा झारखंड विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे।

पंडित राजेश्वर एवं मदन ने विधिवत पूजा का कार्य संपन्न कराया। इस अवसर पर सांसद संजय सेठ, पूर्व सांसद सुबोध कांत सहाय, विधायक नवीन जायसवाल, विधायक राजेश कच्छप, जगन्नाथ मंदिर के प्रथम सेवक सुधांशु नाथ शाहदेव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version