रांची। झारखंड की पूर्व राज्यपाल एवं एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार सोमवार को 11:00 बजे पूर्वाह्न विशेष विमान से नई दिल्ली से रांची आएंगी। हेलिपैड पर प्रदेश अध्यक्ष सहित पार्टी के नेतागण उनका स्वागत करेंगे।
भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं के द्वारा पारंपरिक रीति रिवाज, बाजा गाजा एवं नृत्य संगीत के साथ स्वागत किया जाएगा। एयरपोर्ट से द्रौपदी मुर्मू का काफिला होटल बीएनआर चाणक्य पहुंचेगा। मुर्मू यहां एनडीए के सांसदों और विधायकों की बैठक को संबोधित करेंगी।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश, नेता विधायक दल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अन्नपूर्णा देवी, आजसू प्रमुख सुदेश महतो, प्रदेश महामंत्री और सांसद आदित्य साहू सहित अन्य नेता गण शामिल होंगे। मुर्मू अपराह्न 4:30 बजे विशेष विमान से नई दिल्ली लौट जाएंगी।