रांची। राष्ट्रीय जनता दल( राजद) ने मंगलवार को सादगी पूर्ण तरीके से पार्टी का 26वां स्थापना दिवस मनाया। पार्टी कार्यालय में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। मौके पर सभी जिलों से आए नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। जबकि मंच पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड प्रभारी जयप्रकाश नारायण बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इसी मंच पर नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य महुआ माजी को भी सम्मानित किया गया।
मौके पर जयप्रकाश नारायण ने दल के स्थापना काल को याद करते हुए कहा कि पांच जुलाई 1997 को संघर्ष से उपजी पार्टी राजद है। पार्टी सिद्धांत और विचारों पर आधारित है। हम विचार से डिगे नहीं। ऐसे अनेकों उदाहरण हैं कि सत्ता और कुर्सी के लालच में दल ने कभी साम्प्रदायिक ताकतों से समझौता नहीं किया। पार्टी लोकतंत्र, भाईचारा और संविधान में विश्वास रखने वाली पार्टी है, और सभी को एक साथ लेकर चलने का काम करती है। आज दल को बढ़ाने का काम विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव कर रहे हैं। वो यूथ आइकन के रूप में उभर कर सामने आए हैं। श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, कार्यकारी अध्यक्ष संजय सिंह यादव, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव मौजूद थे।