रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड लोक सेवा आयोग की ओर से चयनित 252 सफल अभ्यर्थियों को एक सादे समारोह में नियुक्ति पत्र दिया गया। ये अभ्यर्थी सातवीं से दसवीं संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा 2021 के माध्यम से चयनित हुए थे। शुक्रवार को खेलगांव स्थित डॉ रामदयाल मुंडा प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने 20 साल में पहली बार जेपीएससी की नियुक्ति नियमावली बनायी। नियमावली के जरिये कम समय में नियुक्ति प्रक्रिया को शुरू किया। उन्होंने कहा कि आज इसी का परिणाम है कि आज सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है। सीएम ने कहा, आप देख सकते हैं कि छठी सिविल सेवा परीक्षा का फाइनल रिजल्ट आने में 1000 दिन तक लग गये। वहीं हमारी सरकार ने सातवीं से दसवीं सिविल सेवा परीक्षा का फाइनल रिजल्ट 250 दिन में निकाल दिया। सफल अभ्यर्थियों को भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड पिछड़े राज्यों में गिना जाता है।

अब हमें अग्रणी राज्य की श्रेणी में शामिल होना है। इसके लिए जरूरी है कि सफल सभी अभ्यर्थी ईमानदारी पूर्वक काम करते हुए इस दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि हम सूखे जड़ को हरा भरा करना चाहते है। राज्य के कर्मचारियों का प्रोमोशन रुका पड़ा था। ऐसे में जब तक प्रोमोशन नहीं होगा सीट खाली नही होगी। सीएम ने कहा कि 252 सफल अभ्यर्थियों में 32 ऐसे है जो बीपीएल परिवारों से हैं, जिन्हें आज नियुक्ति दिया। राज्य के गरीब परिवारों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का प्रयास जारी है। आपको अब कई तरह के लोगो से सामना करना पड़ेगा। सांसद विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों से सामना होगा। मौखिक रूप से बातों पर कैसे निर्णय हो इसका भी सामना करना पड़ेगा। आप हमारे राज्य का ख्याल रखिये सरकार आपका ख्याल रखेगी। प्रभारी मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने कहा कि आनेवाले समय में भी जेपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा समय पर पूरी होगी. विभागों से रिक्तियां मांगी गयी है। शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा कि आने वाले समय में हजारों पदों पर बहाली सिर्फ शिक्षा विभाग में होगी। इस बार दसवीं एवं 12वीं की परीक्षा में सरकारी स्कूलों ने निजी स्कूलों की बराबरी की। शिक्षा सेवा के नवनियुक्त पदाधिकारियों के सहयोग से अगले वर्ष निजी विद्यालयों को पीछे छोड़ देंगे।

इन विभागों के सफल अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र

252 सफल अभ्यर्थियों में अपर समाहर्ता के 44, डीएसपी के 40, जिला समादेष्टा के 16, कारा अधीक्षक के दो, सहायक नगर आयुक्त के 65, झारखंड शिक्षा सेवा 41, अवर निबंधक के 10, सहायक निबंधक कृषि के छह, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा के दो, नियोजन पदाधिकारी के नौ और प्रोबेशन पदाधिकारी के 17 पद शामिल है। मौके पर कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मुख्यमंत्री के सचिव विनय चौबे, कार्मिक सचिव वंदना डाडेल सहित अन्य मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version