पटना। बेंगलुरु में विपक्षी दलों की दूसरे चरण की बैठक के बाद इस बात की चर्चा बिहार में तेज हो गई है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नाराज हो गए हैं। उनकी नाराजगी की वजह उन्हें संयोजक नहीं बनाना जाना और गठबंधन का नाम इंडिया रखने पर है। ऐसा इसलिए माना जा रहा है क्योंकि बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी दलों के प्रेस कांफ्रेंस में शामिल हुए बिना ही पटना लौट आये।

इस पर बुधवार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने बयान दिया है। उन्होंने साफ किया है कि न तो नीतीश कुमार नाराज हैं और ना ही वे इंडिया नाम से असहमत थे। विपक्षी संयोजक का ऐलान मुंबई के बैठक में होगा। नीतीश कुमार क्यों नाराज होंगे। ये सब मीडिया की उपज है। इस तरीके के दुष्प्रचार पहले भी होते रहे हैं। अफवाह फैलाने का यह काम भारतीय जनता पार्टी कर रही है, जिसमें गोदी मीडिया साथ दे रही है।

ललन ने कहा कि पिछले दिनों में पहले कहा गया कि जनता दल यूनाइटेड और राष्ट्रीय जनता दल का विलय होगा। फिर कहा गया कि राजद और जदयू में खटपट है। अब चलाया जा रहा है कि नीतीश कुमार नाराज हैं। नीतीश कुमार तो विपक्षी एकता के सूत्रधार हैं और सूत्रधार कभी नाराज नहीं होता। इंडिया सभी की सहमति से नाम तय हुआ है और इसे लेकर नीतीश की नाराजगी या असहमति की बातें पूरी तरह अफवाह हैं।

उन्होंने कहा कि बैठक में संयोजक बनाने के नाम पर कोई चर्चा नहीं हुई है। इंडिया का संयोजक कौन होगा इस पर अगली बैठक में बात होगी। इसलिए नीतीश कुमार के संयोजक बनने या इस मुद्दे पर उनकी नाराजगी की कोई बात ही नहीं है। अगली बैठक मुंबई में होगी तब इस पर चर्चा की जाएगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version