रांची। विधायक सरयू राय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर कहा है कि लिट्टी चौक, जमशेदपुर से एनएच-33 तक पुल एवं पथ निर्माण के बारे में अबतक ढंग से सूचना नहीं मिली है। यह स्थिति तब है जब उन्होंने वर्ष 2022 में झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में भी इसके बारे में पथ निर्माण विभाग से जानकारी मांगी थी। अब विधायक ने इसे लेकर विभागीय मंत्री और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिकायत की है।
पत्र में निर्दलीय विधायक ने कहा है कि सदन में जानकारी मांगे जाने पर भी प्रश्नों का गलत या भ्रामक उत्तर दिया जाना सदन को गुमराह करना है। यह विधानसभा की भी अवमानना है। सदन में प्रश्न पूछने वाले सदस्यों के विशेषाधिकार का हनन भी है। पथ निर्माण विभाग की अन्यमस्कता एवं पूर्ववर्ती तथा वर्तमान सरकार के स्तर पर गंभीरता के अभाव के कारण जमशेदपुर और मानगो का यातायात नियंत्रित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण योजना अधर में लटक गयी है। ऐसे में मुख्यमंत्री से अनुरोध है कि विधानसभा के मानसून सत्र शुरू होने से पूर्व निर्धारित योजना को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करें। योजना निर्माण की प्रक्रिया आरंभ करने का निर्देश दें।
सरयू राय का कहना है कि उन्होंने 23 मार्च को सदन में लिट्टी चौक, जमशेदपुर से एनएच-33 के लिए पथ निर्माण एवं पूल के संबंध में जानकारी मांगी थी। इस पर पथ निर्माण विभाग ने बताया था कि जहां तक लिट्टी चौक एनएच-33 के लिए पथ निर्माण एवं पुल का प्रश्न है, यह मार्ग रेखांकन पथ निर्माण विभाग के स्वामित्व का नहीं है, जिसकी संभाव्यता एवं निधि की उपलब्धता के अनुसार अग्रेत्तर कार्रवाई की जा सकेगी। सरयू के मुताबिक इस संबंध में उन्होंने कई बार पथ निर्माण सचिव से अद्यतन स्थिति के बारे में जानकारी मांगी पर नहीं मिली।