गिरिडीह। गिरिडीह सेंट्रल जेल अधीक्षक हिमानी प्रिया को मिली धमकी के बाद गिरिडीह पुलिस सकते में है। बताया गया कि धमकी देने वाला शख्स मयंक सिंह है, जिसका संबंध जेल में बंद अमन साहू गिरोह से है। जेल अधीक्षक को इंटरनेशनल नंबर से तीन दिन पहले व्हाट्सअप चैटिंग और इसके बाद व्हाट्सप काल कर अमन साहू को मोबाइल फोन के साथ कई और सुविधाएं बढ़ाने की मांग मयंक सिंह ने की है। साथ ही जेल अधीक्षक के साथ उनके परिवार पर नजर रखे जाने की धमकी दी है।
गिरिडीह पुलिस का सारा संदेह अमन साहू गिरोह पर ही है। मयंक सिंह से धमकी मिलने के बाद अब जेल अधीक्षक हिमानी प्रिया मुफस्सिल थाना को आवेदन देकर केस दर्ज कराने की तैयारी में हैं। धमकी की जानकारी हिमानी प्रिया ने जेल आइजी, डीसी और एसपी को दी है। एसडीपीओ बिनोद रवानी ने बताया कि जेल अधीक्षक का आवेदन मिलने के बाद केस दर्ज किया जायेगा। इस धमकी के बाद गिरिडीह पुलिस सक्रिय है।
बताया गया कि मयंक सिंह मूल रूप से राजस्थान का रहनेवाला है और उसका असली नाम राजेश मीणा है। झारखंड में अमन साहू के संपर्क में आते ही उसने अपना नाम मयंक सिंह रख लिया। जेल अधीक्षक हिमानी प्रिया ने बताया कि अमन साहू के गिरिडीह सेंट्रल जेल में आने के बाद खास नजर रखी जा रही है। क्योंकि, पूरे राज्य में उसके खिलाफ दर्जनों अपराध के केस दर्ज हैं।