पूर्वी सिंहभूम। जिला में 134वें डूरंड कप 2025 के उपलक्ष्य में एक्सएलआरआई सभागार, जमशेदपुर में आयोजित भव्य समारोह में डूरंड कप ट्रॉफी का अनावरण सोमवार को किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रामदास सोरेन विशिष्ट अतिथि रहे। यह आयोजन भारतीय सशस्त्र सेनाओं की ओर से किया गया, जिसे राज्य सरकार ने सहयोग दिया।
मौके पर राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि डूरंड कप का आयोजन झारखंड के लिए गर्व का विषय है। इससे राज्य की खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी। फुटबॉल सभी वर्गों के बीच लोकप्रिय खेल है और इससे एकता, अनुशासन और टीम भावना का विकास होता है। केन्द्र और राज्य सरकारें युवाओं को खेल के माध्यम से जोड़कर उनकी प्रतिभा निखारने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने ओलंपिक 2036 की मेजबानी का भी दावा किया है। झारखंड के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने आयोजन के लिए भारतीय सेना और स्थानीय प्रशासन को बधाई देते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह टूर्नामेंट खेल भावना, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को प्रोत्साहित करता है।
मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार की नई खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। डूरंड कप जैसे ऐतिहासिक टूर्नामेंट का आयोजन राज्य के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि राज्य के कई युवा खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पटल पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विभिन्न लोक नृत्य और गीतों की प्रस्तुति से कलाकारों ने समां बांधा। छऊ और संथाली नृत्य के माध्यम से झारखंड की संस्कृति को प्रदर्शित किया गया, जबकि भारतीय सेना के जवानों ने पंजाब का भांगड़ा प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह के दौरान सभी अतिथियों को फुटबॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि 134 वर्षों की गौरवशाली परंपरा वाले डूरंड कप की मेजबानी के लिए दूसरी बार जमशेदपुर को चुना गया है। जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 24 जुलाई से 11 अगस्त तक मुकाबले होंगे। इसमें जमशेदपुर एफसी, इंडियन आर्मी एफटी, त्रिभुवन आर्मी एफसी (नेपाल) और एक लद्दाख एफसी की टीमें हिस्सा लेंगी। सात से आठ जुलाई को ट्रॉफी टूर का आयोजन जमशेदपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में किया जा रहा है। इसे लेकर खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।