नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच तेजी का रुख रहा। कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई । हालांकि बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण बाजार की चाल में मामूली गिरावट भी आई, लेकिन थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.61 प्रतिशत और निफ्टी 0.66 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियां में से एचसीएल टेक्नोलॉजी, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज के शेयर 3.73 प्रतिशत से लेकर 1.94 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, अदानी एंटरप्राइजेज, टीएमपीवी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और टेक महिंद्रा के शेयर 0.48 प्रतिशत से लेकर 0.34 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,734 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,763 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 971 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 22 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर आठ शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 37 शेयर हरे निशान में और 13 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 650.22 अंक की मजबूती के साथ 78,152.34 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 300 अंक लुढ़क कर 77,854.83 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 474.30 अंक की मजबूती के साथ 77,976.42 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 199.95 अंक उछल कर 24,375.65 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी उतार-चढ़ाव होने लगा। बिकवाली के दबाव में निफ्टी ओपनिंग लेवल से करीब 80 अंक टूट कर 24,295.15 अंक के स्तर तक गिर गया। वहीं खरीदारी का सपोर्ट मिलने पर इसने 24,378.15 अंक के स्तर तक छलांग भी लगाई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 160.70 अंक की मजबूती के साथ 24,336.40 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 579.48 अंक यानी 0.75 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,502.12 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 169.85 अंक यानी 0.71 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,175.70 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।

