रांची। राजधानी रांची के अशोक नगर में उद्योगपति अखिलेश पांडेय के घर हुई हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगा है। चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई जगुआर कार को पश्चिम बंगाल के बरुइपुर से बरामद कर लिया गया है। पुलिस वाहन को रांची ले आई है और अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद भागने के दौरान आरोपियों की जगुआर कार की एक अन्य वाहन से टक्कर हो गई थी। इसके बाद मामला बढ़ता देख दोनों आरोपी कार को वहीं छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस अब तकनीकी साक्ष्यों और अन्य मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि अशोक नगर स्थित उद्योगपति अखिलेश पांडेय के घर से करीब आठ लाख रुपये नकद और लगभग 90 लाख रुपये मूल्य के सोना, हीरा, रूबी और चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे। इस मामले में अखिलेश पांडेय के पुत्र की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी आठ जुलाई की दोपहर करीब 80 लाख रुपये कीमत वाली जगुआर कार से रांची पहुंचे थे। कार पर उत्तर प्रदेश का नंबर प्लेट लगा हुआ था। रांची पहुंचने के बाद दोनों ने जगन्नाथपुर स्थित बिरसा चौक के पास होटल पार्क रिट्रीट में कमरा लिया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि होटल में ठहरने के लिए आरोपियों ने एक मुस्लिम व्यक्ति के नाम पर बने आधार कार्ड का इस्तेमाल किया था। होटल में रहने के दौरान दोनों कई बार बाहर भी निकले थे। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज, फर्जी पहचान पत्र और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।
पुलिस का दावा है कि मिले सुरागों के आधार पर जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

