चतरा: जिले के वशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत घंघरी गांव के समीप एनएच-22 के किनारे मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान घंघरी निवासी महाबीर यादव के पुत्र मुकेश यादव के रूप में की गई है। शव बरामद होने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया, जिसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने चतरा-डोभी मुख्य मार्ग (एनएच-22) को जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया। इस सड़क जाम के कारण चतरा से बिहार के गया और अन्य जिलों को जोड़ने वाले मार्ग पर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शन कर रहे लोग मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।
घटना की सूचना मिलते ही वशिष्टनगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने के प्रयास में जुट गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटनास्थल से मृतक की बाइक भी जब्त कर ली है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौत के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

