पश्चिमी सिंहभूम। भारतीय जनता पार्टी की पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू को भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ओडिशा मिनरल्स डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (ओएमडीसी) का स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के प्रति आभार प्रकट किया है।
भाजपा के पश्चिमी सिंहभूम जिला मीडिया प्रभारी जितेंद्र नाथ ओझा ने गुरुवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में इस नियुक्ति की जानकारी दी। विज्ञप्ति में कहा गया कि गीता बालमुचू की नियुक्ति केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि झारखंड, कोल्हान, पश्चिमी सिंहभूम और आदिवासी समाज के सम्मान का प्रतीक भी है। पार्टी का कहना है कि केंद्र सरकार विभिन्न महत्वपूर्ण संस्थानों और सार्वजनिक उपक्रमों में आदिवासी समाज की भागीदारी को लगातार बढ़ावा दे रही है।
भाजपा के अनुसार गीता बालमुचू लंबे समय से संगठन से जुड़ी हुई हैं और उन्होंने संगठनात्मक दायित्वों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। चाईबासा नगर परिषद की अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने पांच वर्षों तक नगर के विकास कार्यों का नेतृत्व किया। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें चाईबासा विधानसभा क्षेत्र से अपना प्रत्याशी भी बनाया था। इसके अलावा उन्होंने पार्टी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।
पार्टी ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में अधिकांश जनप्रतिनिधि झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस से होने के बावजूद भाजपा ने गीता बालमुचू पर विश्वास जताते हुए उन्हें जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। अब केंद्र सरकार द्वारा ओएमडीसी में स्वतंत्र निदेशक के रूप में उनकी नियुक्ति उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और सार्वजनिक जीवन में योगदान की पहचान है।
भाजपा के अनुसार ओडिशा मिनरल्स डेवलपमेंट कंपनी देश के प्रमुख खनन सार्वजनिक उपक्रमों में शामिल है। स्वतंत्र निदेशक के रूप में गीता बालमुचू कंपनी के नीतिगत निर्णयों, पारदर्शिता, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण और जनहित से जुड़े विषयों पर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। पार्टी ने उम्मीद जताई कि उनकी मौजूदगी से खनिज संपदा वाले आदिवासी क्षेत्रों की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रभावी ढंग से उठेगी।
भाजपा ने इस नियुक्ति को आदिवासी समाज, विशेषकर महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि गीता बालमुचू अपने नए दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगी।

