नई दिल्ली: विपक्षी सदस्यों के हंगामे और नारेबाजी के कारण शुक्रवार को राज्यसभा की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी। लगातार जारी गतिरोध के बीच सभापति ने सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी। अब राज्यसभा की अगली बैठक 3 अगस्त (सोमवार) को सुबह 11 बजे होगी।
सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद सबसे पहले आवश्यक दस्तावेज पटल पर रखे गए। इसके बाद विपक्षी सदस्यों ने नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अपनी बात रखने की अनुमति देने की मांग की। सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने बाद में खरगे को बोलने की अनुमति दी, लेकिन साथ ही स्पष्ट किया कि नियम 267 के तहत दिए गए किसी भी नोटिस को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सभापति के इस फैसले के बाद विपक्षी सांसदों ने पेपर लीक और राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी समेत कई मुद्दों को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्ष के लगातार विरोध के चलते सदन की कार्यवाही बाधित होती रही और सामान्य कामकाज नहीं हो सका।
इस दौरान कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सदन में अनुशासन और गरिमा का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री सदन में मौजूद हैं, लेकिन विपक्ष हंगामा कर लोकतंत्र और संविधान की मर्यादा को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश की जनता पूरे घटनाक्रम को देख रही है।
विपक्षी सदस्यों का विरोध जारी रहने के बाद सभापति ने राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित करने का निर्णय लिया। अब सदन की अगली कार्यवाही 3 अगस्त को सुबह 11 बजे शुरू होगी।

