पलामू: जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत माड़न पंचायत के पुरुषोत्तमपुर गांव में मंगलवार रात आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वज्रपात की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का इलाज पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
मृतकों की पहचान पुरुषोत्तमपुर निवासी बालमुकुंद यादव और उनके पुत्र दिलीप यादव के रूप में हुई है। वहीं घायल महिला की पहचान अनीता देवी, पिता ईश्वरी यादव के रूप में की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बालमुकुंद यादव अपने बेटे दिलीप यादव के साथ मंगलवार शाम तेतराई गए थे। रात में दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पांकी थाना पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इसी दौरान पुरुषोत्तमपुर में ही वज्रपात की एक अन्य घटना में अनीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

