काहिरा:  अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसि से फोन पर बात की और दोनों देशों के सहयोग के बीच आने वाले रोड़ों को हटाते हुए संबंधों को और मजबूत बनाने की इच्छा जताई।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार एक बयान में बताया गया है कि राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसि को गुरुवार की रात अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फोन आया, जिसमें उन्होंने दोनों देशों के बीच दोस्ती को और मजबूत बनाने की बात कहते हुए आपसी सहयोग के बीच आने वाली रुकावटों को दूर करने की बात कही।

सिसि ने दोनों देशों के बीच सामान्य हित के मुद्दों पर निरंतर समन्वय एवं परामर्श के महत्व को रेखांकित किया।

यह बातचीत अमेरिका के इस एलान के कुछ दिन बाद हुई है जिसमें उसने कहा था कि वह मिस्र को दी जाने वाली कुछ वित्तीय मदद को रोक रहा है।

मंगलवार को अमेरिका ने मिस्र को दी जाने वाली लगभग 30 करोड़ अमेरिकी डॉलर की सहायता राशि में मानवाधिकार के रिकॉर्ड के आधार पर कटौती करने अथवा इन्हें देने में देरी करने का निर्णय लिया था।

मिस्र हर साल अमेरिका से लगभग 1.5 अरब डॉलर सैन्य और आर्थिक सहायता के रूप में प्राप्त करता है, जो 1979 के इजरायल के साथ मिस्र के शांति समझौते से जुड़ी हुई है।

बुधवार को मिस्र के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा था कि मिस्र, अमरीका के निर्णय पर खेद जताता है। उसने कहा कि यह निर्णय दशकों से दोनों देशों को बांधने वाले सामरिक संबंधों की प्रकृति के बारे में गलत नतीजे निकालता है।

मंत्रालय ने कहा था कि यह निर्णय मिस्र की सफलता और स्थायित्व की महत्ता के साथ मिस्र के लोगों के सामने मौजूद सुरक्षा एवं वित्तीय चुनौतियों के आकार और प्रकृति को समझने में नाकामी को दर्शाता है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version