रांची। 15वें वित्त आयोग के अध्यक्ष के समक्ष मानसरोवर यात्रा का विरोध करके नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने न सिर्फ आस्था पर चोट पहुंचायी है, बल्कि उन्होंने राज्य की सवा तीन करोड़ जनता को अपमानित किया है। यह बात भाजपा के प्रदेश महामंत्री -सह- मुख्यालय प्रभारी दीपक प्रकाश ने प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि मानसरोवर यात्रा केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह भारत-चीन दो देशों के बीच अंतरराष्ट्रीय संबंधों को मजबूती प्रदान कराने वाली यात्रा है। भाजपा हेमंत सोरेन के इस विचार की कड़े शब्दों में निंदा करती है।
वित्त आयोग की बैठक का राजनीतिक इस्तेमाल किया विपक्ष ने
भाजपा नेता ने कहा कि भाजपा सबका साथ-सबका विकास में विश्वास रखती है। जैसे अन्य धर्मावलंबियों को सरकार की सुविधा उपलब्ध होती है, उसी तरह मानसरोवर यात्रा भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन ने वित्त आयोग के समक्ष हुई विभिन्न राजनीतिक दलों की बैठक का भी उपयोग राजनीतिक मंच के रूप में किया। उनके वक्तव्यों में राज्य के विकास का कोई सुझाव नहीं, बल्कि राजनीतिक ड्रामेबाजी ज्यादा थी। नेता प्रतिपक्ष से राज्य की जनता तथ्यपरक और सटीक सुझावों की उम्मीद करती है, जिसे रखने में वे पूर्णत: विफल रहे।
कांग्रेस का दोहरा चरित्र जग जाहिर
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार के वक्तव्यों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का दोहरा चरित्र जगजाहिर है। कांग्रेस अंदर में कुछ और बोलती है और बाहर में कुछ दिखाती है। कहा कि वित्त आयोग के समक्ष कहीं भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य को विशेष राज्य के दर्जे की मांग नहीं की, वे केवल अखबार की सुर्खियों में ऐसी खबर छपवाने को बेताब दिखते हैं। डॉ अजय को कांग्रेस पार्टी के लोग ही नहीं पचा पा रहे हैं। उनके पास विकास की कोई सोच नहीं है। वे पार्टी को भी कॉरपोरेट घराने की तरह पुलिसिया रौब से चलाना चाहते हैं।
झारखंड के विकास के लिए केंद्र संकल्पित
दीपक प्रकाश ने कहा कि वित्त आयोग के अध्यक्ष ने राज्य की विकास योजनाओं की पूरी प्रशंसा की तथा विकास योजनाओं में हर संभव मदद का भरोसा भी राज्य सरकार को दिया है। केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर राज्यों के विकास के लिए संकल्पित है, जिसे राज्य में विशेष योजनाओं के माध्यम से साकार किया जा रहा है। प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी उपस्थित थे।