बेंगलुरु। केरल में बारिश और बाढ़ से बर्बादी के बाद अब दक्षिण भारत के एक और राज्य कर्नाटक में बाढ़ से बुरा हाल है। यहां सबसे ज्यादा कोडागू जिले में जनजीवन पर असर पड़ा है। इस बीच सोमवार को एक बार फिर कोडागू में भारी बारिश शुरू हो गई है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं। वहीं सकलेशपुर-मेंगलुरु रेलवे ट्रैक पर लैंडस्लाइड की वजह से ट्रेनों की आवाजाही ठप है। यहां तेजी से ट्रैक को दुरुस्त करने का काम चल रहा है। बारिश के कहर से राज्य में 1200 से ज्यादा मकान तबाह हो गए हैं।
बाढ़ग्रस्त कोडागू जिले में करीब 3,500 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। राज्य सरकार का कहना है कि लगातार बारिश की वजह से राहत कार्यों में बाधा आ रही है। मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी के कार्यालय द्वारा एक बयान जारी कर कहा गया, ‘सेना, नौसेना और अन्य राज्य व केंद्रीय एजेंसियों ने अभी तक 3,500 से ज्यादा लोगों को बचाया है।’
30 राहत शिविरों में शिफ्ट हुए बाढ़ पीड़ित
इस बाढ़ग्रस्त पहाड़ी जिले में सैकड़ों लोग फंसे हुए हैं। रविवार दोपहर बाद तक बचाए गए 3,500 लोगों को 30 राहत शिविरों में स्थानांतरित कर दिया गया है और पहाड़ियों पर फंसे अन्य लोगों तक मदद के लिए पहुंच बनाई जा रही है। पश्चिमी घाट पहाड़ी श्रृंखला पर स्थित यह कॉफी उत्पादक जिला जून के पहले सप्ताह से दक्षिण पश्चिमी मॉनसून की बारिश से प्रभावित है।