रांची। सीएम रघुवर दास ने कहा है कि झारखंड में आदिवासियों पर न कोई संकट था और न कभी होगा। जो लोग आदिवासियों पर संकट की बात कह रहे हैं, उनका उद्देश्य आदिवासियों को भड़काना है। सीएम रविवार को यहां एक समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही झारखंड को खुशहाल बनाया जा सकता है। उन्होंने रांची के आड्रे हाउस में झारखंड के इतिहास से जुड़े दस्तावेज को संग्रहित करने की योजना का भी ऐलान किया।

सीएम ने कहा कि झारखंड में कभी भी आदिवासियों को पहचान का संकट न था और न रहेगा। झारखंड से आदिवासियों को कभी कोई भी मिटा नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि आदिवासियों की संस्कृति से कुछ विदेशी शक्तियों ने छेड़छाड़ की है, लेकिन वह हावी नहीं हो सकी। आजादी के पूर्व से ही विदेशी तत्वों के द्वारा आदिवासियों के धर्मांतरण के माध्यम से इनकी पहचान मिटाने के प्रयास होते रहे हैं। महात्मा गांधी ने भी धर्मांतरण पर चिंता जतायी थी। विदेशी शक्ति इस कार्य में लगी है, लेकिन आदिवासी समाज सजग और जागरूक है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version