नई दिल्ली: दिल्ली के तुगलकाबाद में बुधवार रात हुई हिंसा में अबतक 91 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसमें भीम आर्मी चीफ चन्द्रशेखर आजाद उर्फ रावण भी शामिल हैं। गुरुवार सुबह पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ पैरामिलिट्री फोर्स को भी तैनात किया गया। तुगलकाबाद हिंसा के दौरान बुधवार रात 15 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे और दर्जनों गाड़ियों में तोड़-फोड़ की गई थी। पुलिस ने गिरफ्तार सभी 91 आरोपियों पर दंगा फैलाना, सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को आज साकेत कोर्ट में पेश किया गया जाएगा।