लोहरदगा/गुमला। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को धमाकेदार अंदाज में विधानसभा चुनाव की तैयारी का श्रीगणेश किया। लोहरदगा में दक्षिण छोटानागपुर बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में दोनों नेताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठ कर 65 प्लस के लक्ष्य को हासिल करने की रणनीति पर विचार किया। गुमला में जनजातीय सम्मेलन हुआ। इन आयोजनों में तीन लोकसभा और 15 विधानसभा क्षेत्रों के 5197 बूथों के कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में अब धर्म के नाम पर अधर्म स्वीकार नहीं किया जायेगा। दोनों स्थानों पर मुख्यमंत्री के निशाने पर कांग्रेस और झामुमो रहा।
धर्मांतरण करानेवाले बख्शे नहीं जायेंगे
रघुवर ने कहा कि कुछ लोग जबरन धर्मांतरण करा रहे थे। लेकिन हमारी सरकार ने कानून बनाया। हम आधुनिक भारत में जी रहे हैं। मैं झारखंडी बहनों से अनुरोध करता हूं कि आप बुरे कामों का विरोध करें। धर्म के नाम पर अधर्म स्वीकार नहीं करेंगे। सरकार धर्मनिरपेक्ष है। सरकार के लिए सभी धर्म बराबर है। इसाई समुदाय के लोगों को तीर्थ दर्शन के लिए भेजा जाता है। आप कोई भी धर्म माने। मैं नहीं रोकूंगा। लेकिन कोई धर्म के नाम पर धंधा करेगा, तो मैं उसे नहीं छोडूंगा।
पीएम मोदी करेंगे झारखंड के सपूतों की शौर्य गाथा का विमोचन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएनटी एवं एसपीटी एक्ट का उल्लंघन सबसे ज्यादा सोरेन परिवार ने किया है। आदिवासी के नाम पर राजनीति करने वाले नामधारी पार्टी ने पहले पेटी भरी। पांच दशक तक राज्य करने वाली कांग्रेस ने कभी देश के सपूतों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान नहीं दिया। लेकिन भाजपा सरकार ने उन्हें सम्मान दिया है। हमारे पूर्वजों ने देश के लिए जान दी। उनकी शौर्य गाथा का विमोचन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
झामुमो वंशवाद और परिवारवाद की पार्टी
झारखंड में कांग्रेस लड़ रही है, मर रही है। अब हम मिलकर प्रयास करें। लूटने वाली कांग्रेस को झारखंड से खत्म कर दें। झामुमो वंशवाद एवं परिवारवाद की पार्टी है। भाजपा सबकी पार्टी है। गुमला के किसान परिवार के समीर उरांव राज्यसभा गये। यह सिर्फ भाजपा में ही संभव है। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, मंत्री सीपी सिंह, मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, लोहरदगा सांसद सुदर्शन भगत, एसटी मोर्चा नेता रामविचार नेताम, राज्यसभा सांसद समीर उरांव, विधायक रामकुमार पहान, शिवशंकर उरांव, बिमला प्रधान, गंगोत्री कुजूर, नवीन जायसवाल, जीतू चरण राम मौजूद थे।
कश्मीर में अवसरों का नया द्वार खुला : जेपी नड्डा
लोहरदगा/गुमला। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि जम्मू कश्मीर में अवसरों का नया द्वार खुला है। मोदी सरकार ने यह ऐतिहासिक काम कर साबित कर दिया है कि भारत को केवल भाजपा ही आगे ले जा सकती है। उन्होंने कहा कि कोई भी पार्टी कार्यकर्ताओं की बदौलत चलती है। पार्टी कार्यकर्ताओं के इसी जुनून और पार्टी के प्रति समर्पण के भाव से इस बार हम 303 तक पहुंचे, छह राज्यों की भाजपा की पहुंच 17 राज्यों तक दिखाई दी। फिर देखते ही देखते जम्मू कश्मीर से धारा 370 को धराशायी आपके बुलंद इरादे से भाजपा ने कर दिया। अब फिर समय आ रहा है, जिस प्रकार दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने तीनों लोकसभा में भाजपा को जीत दिलायी है, ठीक उसी प्रकार 2019 में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रमंडल की 15 विधानसभा सीटों पर हमें जीत दर्ज करनी है। मुझे यकीन है कि इस लक्ष्य को भी हम प्राप्त कर लेंगे ।
जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार गठन के बाद सदस्यता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत 56 दिनों में पांच करोड़ 81 लाख 34 हजार 242 नये सदस्य भाजपा से जुड़े।
जेपी नड्डा ने बताया कि 10 करोड़ 74 लाख परिवार और 55 करोड़ लोग आयुष्मान भारत से जुड़ चुके हैं। 14 करोड़ किसानों को 87 सौ करोड़ की राशि कृषि सम्मान निधि योजना के तहत प्रदान की गयी, 14 करोड़ किसानों की तीन हजार रुपये की पेंशन, दो करोड़ खुदरा दुकानदारों का तीन हजार रुपये की पेंशन सुनिश्चित हुई। आठ करोड़ महिलाओं को गैस सिलिंडर देकर उन्हें धुआं से मुक्त किया गया। यह है बदलते भारत की तस्वीर। आप कार्यकर्ताओं की यह महती जिम्मेदारी है कि इन बातों को बूथ स्तर तक ले कर जायें।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



