रांची। झारखंड कांग्रेस ने तीन प्रमुख दुखद घटनाओं को लेकर शनिवार को पार्टी कार्यालय में शोक सभा का आयोजन किया। केरल एयरपोर्ट पर विमान हादसे में दो पायलट सहित 15 नागरिकों के निधन, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष दुर्गा चरण दास के आकस्मिक निधन को लेकर और झारखंड आंदोलनकारी समाजसेवी व पत्रकार बशीर अहमद खान के असामयिक निधन पर शोक सभा आयोजित की गई।
अपने शोक भावपूर्ण श्रद्धांजलि में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने कहा कि दुबई से लौट रहे हमारे देशवासियों की केरल एयरपोर्ट पर हुई दर्दनाक हादसे में मौत पर गहरे सदमें में हूँ और मर्माहत हूँ। अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
उरांव ने कहा कि झारखंड में हमारे आंदोलनकारी एवं पत्रकार बशीर अहमद खान का निधन हो गया उनसे भी वह काफी दुखित हैं। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष एवं चंदनक्यारी से दो बार विधायक रहे दुर्गा चरण दास के असामयिक निधन पर भी पार्टी की अपूरणीय क्षति हुई है। इन तीनों घटनाओं पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी उनके परिजनों को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करती है एवं उनके आत्मा की शांति के लिए भी ईश्वर से विनती करती है।
शोकसभा का संचालन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने किया। शोकसभा में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की । प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी के प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव कि शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की जो कि पिछले 12 दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। शोक सभा कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राजेश गुप्ता छोटू, अमूल्य नीरज खलखो, निरंजन पासवान,सतीश पाल मुंजीनि, सुखेर भगत, बेलस तिर्की उपस्थित थे।