आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड में पार्टी स्तर पर आदिवासी दिवस मनाने की परंपरा कांग्रेस ने ही शुरू की। वर्ष 2018 में 9 अगस्त को पार्टी कार्यालय में आदिवासी दिवस मनाया गया। उस समय कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह भी उपस्थित थे। 2019 में जब मैं अध्यक्ष बना तो पूरे झारखंड में कांग्रेस की ओर से आदिवासी दिवस मनाया गया। मैं तो पूर्व में भी आदिवासियों के हितों की रक्षा के लिए काम करता रहा हूं। इस वर्ष भी कोविड 19 में केंद्र और राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कांग्रेस पार्टी राज्यस्तर पर आदिवासी दिवस मनायेगी। शनिवार को यह बातें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव ने कहीं। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के उत्थान के लिए कांग्रेस पार्टी हमेशा से काम करती रही है। जल, जंगल और जमीन की रक्षा कांग्रेस के एजेंडे में हमेशा से शामिल रही है। विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आदिवासी दिवस मनाया जायेगा। इस अवसर पर यूपीएससी की परीक्षा में सफल होनेवाली झारखंड की तीन आदिवासी लड़कियों को सम्मानित किया जायेगा।