धर्म रक्षा संघ की ओर से ब्रज की पवित्र रज से निर्मित रजत शिला आखिरकार रविवार को संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास को सौंप दी। जिसे देख भावुक हुए नृत्यगोपाल दास महाराज ने रजत शिला को अपने मस्तक पर लगा लिया और नमन किया, क्योंकि महंत स्वयं मूलरूप से ब्रजवासी है। यह जानकारी रविवार की शाम सौरभ गौड़ ने दी है।
मथुरा से रजत शिला को लेकर धर्म रक्षा संघ के अध्यक्ष सौरभ गौड़ एवं बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत गोपेश गोस्वामी तथा संघ के राष्ट्रीय प्रभारी महामंडलेश्वर स्वामी रूद्रदेवानंद रविवार अयोध्या पहुंच गए, जहां उन्होंने अयोध्या में श्रीरामलला एवं श्रीहनुमान गढ़ी मंदिर में रजत शिला का पूजन करने बाद बड़ी छावनी में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास महाराज के कर कमलों में समर्पित की। महंत ने शिला को दोनों हाथों में उठाकर भावुक होकर अपने माथे पर लगा लिया तथा बताया कि यह शिला राम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के महामंत्री चम्पत राय को भिजवा दी जाएगी, जिससे पांच अगस्त को पीएम द्वारा जिन पांच प्रमुख शिलाओं का पूजन किया जाएगा। उसमें यह ब्रज की रज से निर्मित रजत शिला भी शामिल होगी।