शाहिद, अलीगढ़ और ओमर्टा जैसी फिल्मों के निर्देशक हंसल मेहता जल्द ही एक वेब सीरीज का निर्देशन करेंगे। निर्देशक हंसल मेहता और निर्माता शैलेश आर सिंह एक बार फिर साथ काम करने की तैयारी में हैं। दोनों ने यूपी के कुख्यात गैंगस्टर विकास दूबे एनकाउंटर पर एक वेब सीरीज बनाने की घोषणा की है। गैंगस्टर विकास दूबे हाल में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया है। विवादास्पद गैंगस्टर विकास दूबे पर वेबसीरीज बनाने के लिए प्रोड्यूसर शैलेश आर सिंह ने पोलरॉइड मीडिया के साथ मिलकर हाथ मिलाया है। इसे हंसल मेहता द्वारा निर्देशित किया जाएगा। यह जानकारी फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर दी।
फिलहाल इस वेब सीरीज के बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं है। बिकरू कांड में आठ पुलिसवालों की हत्या से चर्चा में आए अपराधी विकास दुबे ने उज्जैन के महाकाल मंदिर में समर्पण किया था। विकास दुबे उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ कानपुर लौटते समय रास्ते में भागने की कोशिश में मारा गया। शैलेश आर सिंह बिकरू कांड से लेकर विकास के एनकाउंटर तक के बीच करीब हफ्ते भर तक चले मीडिया ट्रायल पर फिल्म बनाने बनाएंगे। 3 जुलाई की रात उत्तर प्रदेश पुलिस के डीएसपी देवेंद्र मिश्रा पुलिस टीम के साथ कानपुर के बिकरू गांव में विकास दुबे को गिरफ्तार करने गए थे। वहां छतों से चली ताबड़तोड़ गोलियों से 8 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे, जिनमें डीएसपी मिश्रा भी शामिल थे।