रांची। प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी और छत्तीसगढ़ के मंत्री उमंग सिंघार को गुरुवार को उस समय दौरे से लौटना पड़ा, जब जिला प्रशासन ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। वह गिरिडीह से धनबाद जा रहे थे, जहां उनका दिवंगत पार्टी कार्यकर्ता के परिजनों से मिलने का कार्यक्रम था। इसके बाद उनको बेरमो जाना था।
सिंघार बुधवार को रांची पहुंचे थे। वह सुबह सड़क मार्ग से गिरिडीह गये। वहां से वे धनबाद जा रहे थे कि रास्ते में ही उन्हें रांची के एडीएम (लॉ एंड आॅर्डर) ने सूचित किया कि उन्हें गिरिडीह और अन्य स्थानों पर जाने की अनुमति नहीं है। इसलिए वह रांची लौट आयें। इस पर सिंघार ने अधिकारी को बताया कि वह अनुमति लेकर ही दौरे पर निकले हैं। अधिकारी ने उन्हें बताया कि अनुमति रद्द कर दी गयी है। इसके बाद सिंघार रांची लौट आये।

मंत्रियों और विधायकों से की बातचीत
इस बीच, झारखंड कांग्रेस में पैदा हुए मतभेद को दूर करने के लिए रांची आये सिंघार ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव से बातचीत की है। इसके अलावा उन्होंने मंत्री बन्ना गुप्ता और बादल पत्रलेख से भी मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार सिंघार ने विधायक दीपिका पांडेय सिंह और राजेश कच्छप से भी बातचीत कर मतभेदों के बारे में जानकारी ली। शुक्रवार को वह पार्टी के विधायकों से अलग-अलग मिलेंगे। इसके अलावा सिंघार कई कांग्रेसियों से भी बातचीत करेंगे। वह पूरी रिपोर्ट प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह को देंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version