अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज दीपिका कुमारी शनिवार को टोक्यो ओलिंपिक से लौटने के बाद रांची पहुंची। उनके साथ उनके पति अतनु दास भी शादी के बाद पहली बार अपनी ससुराल पहुंचे। रविवार को दीपिका के रातू स्थित घर में काफी अरसे बाद फैमिली वाली फीलिंग जैसा माहौल था। दीपिका का भाई दीपक भी इसको लेकर काफी उत्साहित था। हो भी क्यों न, बहन दीपिका अक्सर अंतरराष्ट्रीय टूनार्मेंट में भाग लेने के लिए देश-विदेश की यात्रा करती रहती हैं। इसलिए करीब 13 साल बाद दीपिका ने भाई दीपक की कलाई पर राखी बांधी। खास बात यह भी थी कि शादी के 13 महीने बाद दीपिका घर आयी थीं और उनके साथ उनके पति अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज अतनु दास भी थे। रविवार को सुबह दीपिका ने परंपरागत तरीके से भाई की पहले आरती की। उसके बाद माथे पर तिलक लगाया और फिर राखी बांधकर उसकी सलामती की दुआ मांगी। हालांकि, ये उन दोनों के लिए भावुक होने वाला क्षण था, पर मां के आते ही माहौल मजाकिया बन गया। और दीपिका ने दीपक को चिढ़ाते हुए राखी बांधी। दीपक भी मस्ती के मूड में दिख रहा था। बाद में दीपक ने कहा कि काफी साल से रक्षा बंधन में दीदी को मिस कर रहा था। इस बार वह घर आयी है, तो काफी अच्छा लग रहा है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version