आजाद सिपाही संवाददाता

जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करेगी भाजपा : दीपक प्रकाश
राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भाजपा संघर्ष तेज करेगी। अब भाजपा राज्य को बर्बाद होते और यहां की खनिज संपदा को लूटते नहीं देख सकती। मंगलवार को ये बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहीं। वे प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और सभी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में विधि व्यवस्था को चरमराते और बेरोजगारों को रोजगार के लिए दर-दर भटकते नहीं देख सकती। श्री प्रकाश ने कहा कि भले ही हम विपक्ष में हैं पर राज्य की साढ़े तीन करोड़ जनता को केवल भाजपा पर ही भरोसा है। जनता को विश्वास है कि भाजपा ही राज्य का विकास कर सकती है। श्री प्रकाश ने कहा कि किसानों के बकाये भुगतान और उनकी समस्याओं को लेकर हजारों भाजपा कार्यकर्ता खेतों में धरना पर बैठे थे। अब राज्य सरकार के खिलाफ लाखों भाजपा कार्यकर्ता 21 अगस्त को सभी प्रखंडों में सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने सरकार की वादा खिलाफी से प्रभावित राज्य के हजारों पारा शिक्षकों, छटनी ग्रस्त अनुबंध पुलिसकर्मियों, सहायकों, पंचायत सचिवों, बेरोजगार नौजवानों और आंगनबाड़ी सेविकाओं से आह्वान किया कि वे अपनी मांगों के लिए सरकार के खिलाफ आंदोलन में हिस्सा लें।

सड़कों पर उतरने का समय आ गया : बाबूलाल मरांडी
बैठक में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य की जनता इस सरकार को सबक सिखाने के मूड में है। जनता सरकार के निरंकुश और तानाशाही रवैये से ऊब चुकी है। इस प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। राज्य की पुलिस जनता की सुरक्षा नहीं, लोगों पर डंडे बरसा रही है। श्री मरांडी ने कहा कि भाजपा को राज्य की चिंता है। पार्टी की सरकार ने ही राज्य बनाया है, इसलिये जनता भाजपा की ओर आस लगाये बैठी है। उन्होंने कहा कि 21 अगस्त का आंदोलन राज्य की जनविरोधी सरकार के खिलाफ शंखनाद है। उन्होंने राज्य सरकार से कहा कि वो पुलिस-प्रशासन के दुरुपयोग से बचे।

संगठनात्मक और आंदोलनात्मक कार्य साथ-साथ : धर्मपाल सिंह
वहीं, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने बैठक में कहा कि प्रदेश के कार्यकर्ताओं पर दोहरी जिम्मेवारी है। हमें पार्टी के सांगठनिक विस्तार के कार्य को भी मजबूती देनी है वहीं संगठन को और धारदार बनाना है। सभी स्तर पर संगठन को सर्वस्पर्शी और सर्व समावेशी बनाना है। दूसरी ओर राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों तथा कार्यक्रमों के खिलाफ मुखर होकर प्रदेश की जनता की आवाज भी बननी है। श्री सिंह ने कहा कि भाजपा के परिश्रमी और समर्पित कार्यकर्ता ये दोनों कार्य करने में सक्षम हैं।

उन्होंने जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और विभिन्न मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षों से सांगठनिक कार्यों तथा संपन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी ली। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा ने तथा वंदे मातरम का गान सह प्रशिक्षण प्रमुख राजश्री जयंती ने किया। बैठक में प्रदेश पदाधिकारी,जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version