रांची। झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्वोत्तर के तीन राज्यों के प्रभारी अजय कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार सरकारी संपत्ति बेचने पर तुली है। भारत को बेचने का काम शुरू हो गया है। वह दिन दूर नहीं, जब संसद भवन भी बेच दिया जाएगा। अजय कुमार मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

कुमार ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से छह लाख करोड़ों रुपए के मोनेटाइजेशन करने की बात पर हमला बोलते हुए कहा कि मोनेटाइजेशन शब्द का सीधा आशय भाजपा की बेचने वाली नीति है यानी बेचने वाले धंधे को ही मोनेटाइजेशन कहा जाता है। उन्होंने भाजपा शासित राज्यों में देश की संपत्ति को बेचने और गरीब, दबे, कुचले विशेषकर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों पर अत्याचार करने का भी आरोप लगाया।

डॉ अजय कुमार ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के शव पर रखे तिरंगे के ऊपर भाजपा पार्टी का झंडा डालने पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि यह कानूनन जुर्म है। राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर मामला दर्ज हो। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही अपनी कर्मभूमि जमशेदपुर जाकर राष्ट्रीय ध्वज को अपमानित करने के मामले में केस करायेंगे। उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार में देश के मौलिक अधिकारों का हनन आम हो गया है। प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद आदि मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version