हॉकी स्टिक, स्पोर्ट्स किट और मोबाइल के अलावा प्रशस्ति-पत्र दिया गया
खिलाड़ियों को सुविधाएं मिलेंगी तो शानदार प्रदर्शन करेंगे : स्पीकर
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। विधानसभा परिसर में टोक्यो ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन करनेवाली भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य रहीं झारखंड की बेटियां सलीमा टेटे और निक्की प्रधान का सम्मान समारोह शुक्रवार को आयोजित किया गया। झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने इन्हें सम्मानित किया। मौके पर विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने कहा कि झारखंड की इन बेटियों ने देश ही नहीं पूरी दुनिया में राज्य का परचम लहराया है। यह हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि झारखंड में खेल के क्षेत्र से प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए राज्य सरकार कई अहम कदम उठा रही है। इसके तहत सरकार ने खिलाड़ियों को सीधे सरकारी नियुक्ति देने की पहल की है। इसके अलावा खेल की गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए जिला स्तर पर खेल पदाधिकारियों की नियुक्ति की गयी है। उन्होंने कहा कि झारखंड की माटी से निकलने वाली ऐसी प्रतिभाएं ही इस राज्य को देश और दुनिया में गौरव दिलायेंगी।
विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने कहा कि झारखंड के साथ पूरे देश में खुशी है। बेटियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। देश-दुनिया में झारखंड खेल प्रतिभा के लिए प्रसिद्ध है। यहां के खिलाड़ियों ने खुद को साबित किया है। खिलाड़ियों को तमाम सुविधाएं मिलनी चाहिए। हमारे देश और झारखंड के खिलाड़ी अव्वल हैं। इन्हें विकसित और विकासशील देशों की तरह सुविधाएं मिले तो ये शानदार प्रदर्शन कर दिखायेंगे। खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना होगा। निक्की और सलीमा समाज का दर्पण हैं।