रांची। एयर इंडिया रांची से दिल्ली की विमान सेवा 20 अगस्त से बंद कर रही है। इसके बाद से 31 दिसंबर तक एयर इंडिया की फ्लाइट के टिकटों की बुकिंग नहीं होगी। इसके लिए तकनीकी कारणों का हवाला दिया गया है।
दिल्ली रांची दिल्ली की विमान सेवा पहली बार बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से बंद की जा रही है। एयर इंडिया के विमान दिल्ली से रांची आने वाला एआई 417 और रांची से दिल्ली जाने वाला एआई 418 सबसे पुराने विमानों में से एक है। इसके पीछे फिलहाल तकनीकी कारण बताए जा रहे हैं। यह भी बताया जा रहा है कि हवाई यात्रियों की कमी की वजह से कई हवाई सेवा देने वाली कंपनियों ने रांची से फ्लाइट्स बंद कर दी हैं। यात्री नहीं मिलने की वजह से स्पाइसजेट ने पिछले दिनों अपनी सेवा बंद कर दी। इसके अलावा विस्तारा ने भी रांची से दिल्ली के लिए सुबह वाली उड़ान को बंद कर दी है।
इधर देखा जा रहा है कि यात्रियों की संख्या में भारी कमी आई है। इसलिए हवाई सेवा उपलब्ध कराने वाली कंपनियों को घाटा हो रहा है। एयर इंडिया 20 अगस्त से 24 अतिरिक्त घरेलू उड़ानों का परिचालन करेगी। इनमें से दो दिल्ली से मुंबई, बेंगलुरु और अहमदाबाद तथा मुंबई से चेन्नई और हैदराबाद के लिए होंगी। इसके अलावा मुंबई-बेंगलुरु, अहमदाबाद-पुणे मार्ग पर भी नयी उड़ानें शुरू की जाएंगी। टाटा ग्रुप द्वारा एयर इंडिया को नियंत्रण में लेने के बाद ये उड़ानों का पहला बड़ा विस्तार है।