कहा- मंत्री समूह में दागियों के बारे में बोलने महाविकास को अधिकार नहीं
मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कैबिनेट में बहुत जल्द महिलाओं को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछली महाविकास आघाड़ी में भी पहले शपथ ग्रहण कार्यक्रम में किसी भी महिला को शामिल नहीं किया गया था। पिछली सरकार के दो मंत्री अभी भी जेल में हैं, इसलिए गठबंधन के नेताओं को वर्तमान सरकार के बारे में बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि इससे पहले विपक्ष कह रहा था कि कैबिनेट विस्तार होते ही सरकार गिर जाएगी लेकिन राज्य में आज सरकार का विस्तार भी हो गया और सरकार भी नहीं गिरी। बहुत जल्द राज्य में फिर से मंत्री समूह का विस्तार किया जाएगा, उस समय महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
फडणवीस ने कहा कि दागियों के बारे में महाविकास आघाड़ी सरकार के नेता किस मुंह से बात कर रहे हैं, पता नहीं। पिछली सरकार के दो मंत्री अभी भी जेल में हैं, लेकिन तत्कालीन सरकार ने उनका इस्तीफा तक नहीं लिया था। इस मुद्दे पर सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि संजय राठौड़ को पुलिस ने टिकटॉक स्टार पूजा चव्हाण मामले में क्लीन चिट दे दी है, इसी वजह से उन्हें कैबिनेट में शामिल किया गया है।a