-सूअरों ने किया फसल बर्बाद, कहा-सुनी मारपीट में तब्दील, लाठी-डंडे और दाउली से की हत्या
आजाद सिपाही संवाददाता
ओरमांझी। ओरमांझी क्षेत्र में दिनदहाड़े तीन लोगों की हत्या कर दी गयी है। सूचना के मुताबिक आपसी विवाद की वजह से हत्या की गयी है। हत्याकांड की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस के जवान मौके पर तैनात किये गये हैं। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि आपसी कहा-सुनी इतनी बढ़ गयी कि लोग एक-दूसरे को मारने लगे। इसी मारपीट के बीच हत्या कर दी गयी।
गूंजा देवनजारा टोला की घटना
यह घटना ओरमांझी थाना क्षेत्र के गूंजा देवनजारा टोला की है। गुरुवार की दोपहर दो परिवारों के बीच हुए आपसी विवाद में ये हत्याएं हुईं। हत्या लाठी,डंडा और दाऊली से मार कर की गयी है। मृतकों में जनेश्वर बेदिया (42), सरिता देवी (39) और संजू देवी (25) शामिल हंै। पुलिस ने तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फसल चरने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक इस हत्याकांड के पीछे की वजह जानवरों द्वारा फसल चर जाना है। स्थानीय लोगों के मुताबिक जनेश्वर बेदिया के खेत में फसल लगी हुई है। उनके गोतिया के यहां सूअर है। इन्हीं सूअरों ने फसल बर्बाद कर दी थी। इसी को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था। बातचीत के साथ शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के द्वारा एक दूसरे पर लाठी-डंडे से हमला शुरू कर दिया गया। इसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि कई लोग घायल हो गये। ओरमांझी थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि की है।
क्या कहते हैं प्रभारी ग्रामीण एसपी
प्रभारी ग्रामीण एसपी हारिश बिन जमा ने बताया कि यह आपसी विवाद का मामला है। पहले भी दोनों परिवारों के बीच इस बात को लेकर बहस हो चुकी है। घटना के वक्त मौजूद बच्चों ने भी आरोपियों को देखा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक छह से आठ लोग थे। जांच जारी है। उन्होंने बताया कि अब तक चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
घटना के संबंध में ग्रामीण एस पी ने बताया कि 13 से 14 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है ।6लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है ।अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।मृतक झामा बेदिया के तीन छोटे छोटे मासूम बच्चे हैं ।11 वर्षीय आयुष राज बेदिया,8वर्षीय विद्या कुमारी,5 वर्षीय आदित्य राज बेदिया हैं ।मृतक झामा बेदिया अपने भाई के भी बच्चों का देख भाल करता था ।भतीजा,भतीजी और भग्नी का रो रो कर बुरा हाल हो रहा था ।मासूम दोनो बच्चे घटना स्थल के पास दिखाई भी नहीं दे रहे थे ।बड़ा बेटा आयुष घटना के बारे पुछे जाने पर लोगों को बता रहा था और रो भी रहा था ।