-मुख्यमंत्री ने डुमरी उपचुनाव में लगातार दूसरे दिन किया प्रचार
आजाद सिपाही संवाददाता
बोकारो। मुख्यमंत्री हेमंत्र सोरेन ने रविवार को लगातार दूसरे दिन डुमरी विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए प्रचार किया। आइएनडीआइए गठबंधन की प्रत्याशी बेबी देवी के समर्थन में उन्होंने नावाडीह के ऊपरघाट में सभा को संबोधित किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियां वोट के लिए रुपये बांटने में लगी हैं। उनके पास पूंजीपतियों की फौज है। वे लोग रुपयों से वोट खरीदना चाहते हैं। जनता इसका जवाब बेबी देवी को भारी मतों से जीत दिलाकर दे। यह स्वर्गीय जगरनाथ महतो के प्रति उनकी श्रद्धांजलि होगी।
सीएम ने कहा कि स्व जगरनाथ महतो आजीवन डुमरी के लोगों के हक के लिए लड़ते रहे। हमेशा यहां के लोगों के हितों की बात करते रहे। उन्होंने अपने कार्यों से राज्य में इतनी बड़ी लकीर खींच दी है कि उसे पार करना मुश्किल है। जब वह नहीं रहे, तो राज्य सरकार ने उनकी पत्नी को मंत्री बना कर अपना दायित्व पूरा किया है। अब जनता की बारी है कि उन्हें मजबूत बनाकर सदन में भेजे। हेमंत ने कहा कि आज वह अपनी राज्य सरकार की उपलब्धियां बताने नहीं आये हैं, विपक्ष की कारगुजारियों से लोगों को सचेत करने आये हैं। पैसे के लिए अपने मान-सम्मान से समझौता नहीं करें और जगरनाथ महतो के कार्यों को याद कर अपना फैसला लें। उन्होंने संथाली भाषा में भी अपनी बातें रखीं। सभा को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, विधायक मथुरा महतो, विधायक जयमंगल सिंह, प्रत्यशी मंत्री बेबी देवी, पूर्व सांसद भुनेश्वर मेहता, पूर्व विधायक ममता देवी, योगेंद्र महतो आदि ने भी संबोधित किया।