रांची। झारखंड में एंटी टेरेरिस्ट स्क्वायड (ATS) ने तीन जिलों लोहरदगा, हजारीबाग, रांची के 14 स्थानों पर छापेमारी की है। जहां से अलकायदा इंडियन सबकॉन्टिनेंट का स्लीपर सेल को पकड़ा गया है।
झारखंड के अलावा दिल्ली पुलिस ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश में भी छापा मारा। पुलिस के मुताबिक सरगना रांची (झारखंड) में बैठा डॉ. इश्तियाक था। जो देश में खिलाफत और आतंकी हमलों की तैयारी में था।
आतंकी मॉड्यूल के सदस्यों को हथियारों की ट्रेनिंग दी जा रही थी। इसी ट्रेनिंग के दौरान राजस्थान के भिवाड़ी से 6, जबकि झारखंड और उत्तर प्रदेश से 8 लोगों को हिरासत में लिया गया।
झारखंड पुलिस और आईबी को यह जानकारी मिली थी कि झारखंड में अलकायदा कई जिलों में नेटवर्क खड़ा कर रहा है। यह कंफर्म होते ही बुधवार देर रात अधिकारियों की अहम बैठक हुई। जिसके बाद इस इंफॉर्मेशन को एटीएस के साथ साझा किया गया। जिसके बाद देर रात ही टीम ने कार्रवाई की।
राजस्थान में भिवाड़ी से पकड़े गए संदिग्ध, पुलिस इन्हें लेकर दिल्ली रवाना
राजस्थान के भिवाड़ी के चौपानकी में आतंकी संगठनल अल-कायदा से जुड़े 6 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे चौपानकी के इंडस्ट्रियल एरिया में दबिश दी गई। जहां सभी 6 संदिग्ध एक साथ रहे थे। इन सभी को पुलिस अपने साथ दिल्ली ले जा सकती है।
कैसे बना आतंकी संगठन AQIS
अल-कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट( AQIS) की शुरुआत 2014 में पूर्व अल-कायदा चीफ अयमान अल-जवाहिरी ने की थी। पाकिस्तान मूल का असीम उमर इसका शुरुआती सदस्य था। तब अल-जवाहिरी की तरफ से एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें उसने भारत के खिलाफ जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों की बात कही थी।
अब इसकी अगुवाई ओसामा महमूद कर रहा है, जो पाकिस्तान मूल का बताया जाता है। US-अफगान मिलिट्री ऑपरेशन में उमर मारा गया था। इसके बाद 2019 में महमूद ने इसकी बागडोर अपने हाथ में ले ली थी। रिपोर्ट के मुताबिक, इंडियन सब-कॉन्टिनेंट में अल-कायदा के एक संगठन AQIS (अल-कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट) के 200 लड़ाके मौजूद हैं।
इनका लीडर आतंकी ओसामा महमूद है। वहीं अफगानिस्तान में इस संगठन के 400 लड़ाके हैं। UN के एक मेंबर स्टेट ने दावा किया है कि AQIS क्षेत्र में ISIS के खोरासान प्रॉविंस (ISIL-K) से जुड़ने के लिए तैयार है।
भारत में आतंकी संगठन AQIS कितना एक्टिव
दिल्ली में 2015 में तीन आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद AQIS की भारत में मौजूदगी का पहली बार पता चला था। दिल्ली पुलिस ने बाद में AQIS के आतंकी मौलाना अब्दुल रहमान कासमी को गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने दावा किया कि इस आतंकी संगठन ने झारखंड के जंगलों में ट्रेनिंग कैंप बना रखा है। जुलाई 2021 में UP पुलिस ने अल कायदा से जुड़े आतंकी संगठन अंसार गजवत उल हिंद के 2 आतंकियों को गिरफ्तार किया था। भारत में अब AQIS का कोई बेस नहीं है।
पिछले साल झारखंड के लोहरदगा से ही फैजान की हुई थी गिरफ्तारी
पिछले साल लोहरदगा से आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट आफ इराक एंड सीरिया (ISIS) के आतंकी फैजान उर्फ फैज की गिरफ्तारी हुई थी। 19 साल के फैजान इंटरनेट मीडिया पर लोगों को दहशत फैलाने का प्रशिक्षण दे रहा था।
उसके कॉन्टैक्ट ISIS के विदेशी संचालकों से था। ये भारत में हिंसक कार्रवाई की योजना बना रहे थे। और भारत को इस्लामिक राष्ट्र बनाने के लिए प्रयासरत थे।