रांची। पूर्व सीएम और मंत्री चंपाई सोरेन को लेकर लगातार अटकलों का बाजार रविवार की सुबह से गर्म है। वह कोलकाता के रास्ते दिल्ली जा चुके हैं। सब ठीक रहा तो संभव है कि वे भाजपा मुख्यालय जाकर पार्टी भी ज्वाइन कर लें। इस बात की संभावना उनके सोशल मीडिया एकाउंट को देख कर भी जाहिर की जा रही।
एक्स, फेसबुक से उनके एकाउंट के बायो से झामुमो हटा दिया गया है। झामुमो का बैकग्राउंड भी गायब है। अब वहां सिर्फ पूर्व सीएम झारखंड दिख रहा। इसके अलावा सरायकेला-खरसावां स्थित उनके पैतृक आवास और रांची स्थित सरकारी आवास से भी झामुमो का झंडा हटा दिये जाने की सूचना है।
क्या दिख रहे आसार
चंपाई सोरेन को लेकर ये बातें कही जा रहीं कि शनिवार की शाम वह जमशेदपुर में थे। इसके बाद अपने बेटे, एक करीबी और अपने ड्राइवर संग वह सड़क मार्ग से कोलकाता चले गये। वहां पार्क होटल में वह रात में रुके। यहां भाजपा के विधायक शुभेंदु अधिकारी से भी मिले। इसके बाद वह रविवार की सुबह फ्लाइट से दिल्ली निकल गये। अब सबको इस बात की संभावना लग रही है कि वह भाजपा मुख्यालय जाकर भाजपा ज्वाइन कर सकते हैं। उनके अलावा झामुमो के पूर्व विधायक लोबिन हेंब्रम भी भाजपा ज्वाइन करेंगे। यह भी चर्चा है कि झामुमो, कांग्रेस के और भी विधायक मौका मिलते ही आगे किसी समय भाजपा ज्वाइन कर लेंगे। वैसे दिल्ली में पत्रकारों के सवाल पर चंपाई ने पार्टी बदले जाने से इंकार किया है। बेटी से मिलने की बात करते हुए इसे निजी कार्यक्रम बताया है। उन्होंने कहा कि अभी मैं जहां हूं, वही हूं।